गुरुवार, 29 जून 2017

पुराणों में भगवन्नाम -महिमा

ॐ गं गणपतये नमः 

जय श्रीकृष्ण मित्रों ! आप ने १८ पुराणों के बारे में पढ़ा। आज आप को पुराणों के माध्यम से भगवान नाम की महिमा के विषय में बताऊगा। पुराणों में महत्व पूर्ण क्या है।  ये मेरी छोटी से कोशिश आप के सामने है। चलिए मित्रो आज भगवन्नाम-महिमा का महत्व समझते है।

पुराणों में भगवन्नाम -महिमा 

         नारायणो नाम नरो नराणां प्रसिद्धचौरः कथितः पृथिव्याम्।

अनेकजन्मार्जितपापसंचयं हरत्यशेषं श्रुतमात्र एव।।
'इस पृथ्वी पर 'नारायण' नामक एक नर (व्यक्ति) प्रसिद्ध चोर बताया गया है, जिसका नाम और यश कानों में प्रवेश करते ही मनुष्यों की अनेक जन्मों की कमाई हुई समस्त पाप राशि को हर लेता है।'
(वामन पुराण)
न नामसदृशं ज्ञानं न नामसदृशं व्रतम्।
न नामसदृशं ध्यानं न नामसदृशं फलम्।।
न नामसदृशस्त्यागो न नामसदृशः शमः।
न नामसदृशं पुण्यं न नामसदृशी गतिः।।
नामैव परमा मुक्तिर्नामैव परमा गतिः।
नामैव परमा शान्तिर्नामैव परमा स्थितिः।।
नामैव परमा भक्तिर्नामैव परमा मतिः।
नामैव परमा प्रीतिर्नामैव परमा स्मृतिः।।
'नाम के समान न ज्ञान है, न व्रत है, न ध्यान है, न फल है, न दान है, न शम है, न पुण्य है और न कोई आश्रय है। नाम ही परम मुक्ति है, नाम ही परम गति है, नाम ही परम शांति है, नाम ही परम निष्ठा है, नाम ही परम भक्ति है, नाम ही परम बुद्धि है, नाम ही परम प्रीति है, नाम ही परम स्मृति है।'
(आदि पुराण)
नामप्रमियों का संग, प्रतिदिन नाम-जप का कुछ नियम, भोगों के प्रति वैराग्य की भावना और संतो के जीवन-चरित्र का अध्ययन – ये नाम-साधना मे बड़े सहायक होते हैं। इन चारों की सहायता से नाम-साधना में बड़े सहायक होते हैं। इन चारों की सहायता से नाम साधना में सभी को लगना चाहिए। भगवन्नाम से लौकिक और पारलौकिक दोनों प्रकार की सिद्धियाँ प्राप्त हो सकती हैं। नाम से असम्भव भी सम्भव हो सकता है और इसकी साधना में किसी के लिए कोई रूकावट नहीं है। उच्च वर्ण का हो या नीच का, पंडित हो या मूर्ख, सभी इसके अधिकारी हैं। ऊँचा वही है, बड़ा वही है जो भगवन्नामपरायण है, जिसके मुख और मन से निरन्तर विशुद्ध प्रेमपूर्वक श्री भगवन्नाम की ध्वनि निकलती है। संत तुलसीदास जी कहते हैं-
धन्य धन्य माता पिताधन्य पुत्रवर सोइ।
तुलसी जो रामहि भजेंजैसेहु कैसेहु होइ।।
तुलसी जाके बदन तेधोखेहु निकसत राम।
ताके पग की पगतरीमोरे तनु को चाम।।
तुलसी भक्त श्वपच भलौभजै रैन दिन राम।
ऊँचो कुल केहि काम कोजहाँ न हरि को नाम।।
अति ऊँचे भूधरन परभजगन के अस्थान।
तुलसी अति नीचे सुखदऊख अन्न अरु पान।।
जिस प्रकार अग्नि में दाहकशक्ति स्वाभाविक है, उसी प्रकार भगवन्नाम में पाप को, विषय-प्रपंचमय जगत के मोह को जला डालने की शक्ति स्वाभाविक है।
भगवन्नाम-जप में भाव हो तो बहुत अच्छा परंतु हमें भाव की ओर दृष्टि नहीं डालनी है। भाव न हों, तब भी नाम-जप तो करना ही है।
नाम भगवत्स्वरूप ही है। नाम अपनी शक्ति से, अपने गुण से सारा काम कर देगा। विशेषकर कलियुग में को भगवन्नाम जैसा और कोई साधन ही नहीं है। वैसे तो मनोनिग्रह बड़ा कठिन है, चित्त की शांति के लिए प्रयास करना बड़ा ही कठिन है, पर भगवन्नाम तो इसके लिए भी सहज साधन है।
आलस्य और तर्क – ये दोनों नाम-जप में बाधक हैं।
      प्रायआलस्य के कारण ही कह बैठते हो कि नाम-जप नहीं होता।
नाम लेने का अभ्यास बना लो, आदत डालो।
'रोटी-रोटी करने से ही पेट थोड़े ही भरता है?' इस प्रकार के तर्क भ्रांति लाते हैं, पर विश्वास करो, भगवन्नाम 'रोटी' की तरह जड़ शब्द नहीं है। यह शब्द ही ब्रह्म है। 'नाम' और नामी में कोई अन्तर ही नहीं है।
'नाम लेत भव सिंधु सुखाहीं' इस पर श्रद्धा करो। इस विश्वास को दृढ़ करो। कंजूस की भाँति नाम-धन को सँभालो।
नाम के बल से बिना परिश्रम ही भवसागर से तर जाओगे और भगवान के प्रेम को भी प्राप्त कर लोगे। इसलिए निरन्तर भगवान का नाम लो, कीर्तन करो।  
कलेर्दोषनिधे राजन्नस्ति ह्येको महान् गुणः।
कीर्तनादेव कृष्णस्य मुक्तसंगः परं व्रजेत्।।
'राजन् ! दोषों के भंडार – कलियुग में यही एक महान गुण है कि इस समय श्रीकृष्ण का कीर्तनमात्र करने से मनुष्य की सारी आसक्तियाँ छूट जाती हैं और वह परम पद को प्राप्त हो जाता है।'
(श्रीमद् भागवत)
यदभ्यर्च्य हरिं भक्त्या कृते क्रतुशतैरपि।
फलं प्राप्नोत्यविकलं कलौ गोविन्दकीर्तनात्।।
'भक्तिभाव से सैंकड़ों यज्ञों द्वारा भी श्रीहरि की आराधना करके मनुष्य जिस फल को पाता है, वह सारा-का-सारा कलियुग में भगवान गोविन्द का कीर्तनमात्र करके प्राप्त कर लेता है।'
(श्रीविष्णुरहस्य)
ध्यायन् कृते यजन् यज्ञैस्त्रेतायां द्वापरेऽर्चयन्।
यदाप्नोति तदाप्नोति कलौ संकीर्त्य केशवम्।।
'सत्ययुग में भगवान का ध्यान, त्रेता में यज्ञों द्वारा यजन और द्वापर में उनका पूजन करके मनुष्य जिस फल को पाता है, उसे वह कलियुग में केशव का कीर्तनमात्र करके प्राप्त कर लेता है।
(विष्णु पुराण)
संत कबीरदास जी ने कहा हैः
सुमिरन की सुधि यों करोजैसे कामी काम।
                                                एक पलक न बीसरै, निस दिन आठों याम।।
सुमिरन की सुधि यों करोज्यों सुरभी सुत माँहि।
कह कबीर चारो चरतबिसरत कबहूँ नाँहि।।
सुमिरन की सुधि यों करोजैसे दाम कंगाल।
कह कबीर बिसरे नहींपल-पल लेत सम्हाल।।
सुमिरनसों मन लाइयेजैसे नाद कुरंग।
कह कबीर बिसरे नहींप्रान तजै तेहि संग।।
सुमिरनसों मन लाइयेजैसे दीप पतंग।
                                                प्रान तजै छिन एक मेंजरत न मोड़े अंग।।
सुमिरनसों मन लाइयेजैसे कीट भिरंग।
कबीर बिसारे आपकोहोय जाये तेहि रंग।।
सुमिरनसों मन लाइयेजैसे पानी मीन।
प्रान तजै पल बीछड़ेसंत कबीर कह दीन।।
'सुमिरन इस तरह करो जैसे कामी आठ पहर में एक क्षण के लिए भी स्त्री को नहीं भूलता, जैसे गौ वन में घास चरती हुई भी बछड़े को सदा याद रखती है, जैसे कंगाल अपने पैसे का पल-पल में सम्हाल करता है, जैसे हरिण प्राण दे देता है, परंतु वीणा के स्वर को नहीं भूलना चाहता, जैसे बिना संकोच के पतंग दीपशिखा में जल मरता है, परंतु उसके रूप को भूलता नहीं, जैसे कीड़ा अपने-आपको भुलाकर भ्रमर के स्मरण में उसी के रंग का बन जाता है और जैसे मछली जल से बिछुड़ने पर प्राणत्याग कर देती है, परंतु उसे भूलती नहीं।'

स्मरण का यह स्वरूप है। इस प्रकार जिनका मन उस परमात्मा के नाम-चिन्तन में रम जाता है, वे तृप्त और पूर्णकाम हो जाते हैं।कलियुग में भगवान की प्राप्ति का सबसे सरल किंतु प्रबल साधन उनका नाम-जप ही बताया गया है।

श्रीमद्भागवत का कथन है-" यद्यपि कलियुग दोषों का भंडार है तथापि इसमें एक बहुत बडा सद्गुण यह है कि सतयुग में भगवान के ध्यान (तप) द्वारा,

 त्रेतायुग में यज्ञ-अनुष्ठान के द्वारा,

द्वापरयुगमें पूजा-अर्चना से जो फल मिलता था,

 कलियुग में वह पुण्यफल श्री हरिके नाम-संकीर्तन(हरे कृष्ण महामंत्र) मात्र से ही प्राप्त हो जाता है।

 कृष्णयजुर्वेदीय कलिसंतरणोपनिषद् मे लिखा है कि द्वापरयुगके अंत में जब देवर्षिनारद ने ब्रह्माजीसे कलियुग में कलि के प्रभाव से मुक्त होने का उपाय पूछा, तब सृष्टिकर्ता ने कहा-

आदिपुरुष भगवान नारायण के नामोच्चारण से मनुष्य कलियुग के दोषों को नष्ट कर सकता है। नारदजीके द्वारा उस नाम-मंत्र को पूछने पर हिरण्यगर्भ ब्रह्माजीने बताया-

हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे।
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे।


यह महामंत्र कलि के पापों का नाश करने वाला है। इससे श्रेष्ठ कोई अन्य उपाय सारे वेदों में भी देखने को नहीं आता।

जय श्रीकृष्ण मित्रों ! आज भगवन्नाम के विषय में पढ़ा। 

कोई टिप्पणी नहीं: